संवेदनशील पत्रकार समाज में
सकारात्मक बदलाव ला सकता है : पंकज त्रिपाठी

एमसीयू में लगी प्रसिद्ध फिल्म अभिनेता पंकज त्रिपाठी की मास्टर क्लास

‘द एक्सपर्ट शो’ में श्री त्रिपाठी से विजय विक्रम सिंह ने किया संवाद

प्रसिद्ध फिल्म अभिनेता पंकज त्रिपाठी ने मास्टर क्लास में सवालों के जवाब दिए।

भोपाल, 25 फरवरी 2025: माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय में प्रसिद्ध फिल्म अभिनेता पंकज त्रिपाठी की मास्टर क्लास लगी। माखनपुरम बिशनखेडी परिसर के खचाखच भरे गणेश शंकर विद्यार्थी सभागार में उन्होंने अपने फिल्मी संघर्ष और सफर के बारे में विस्तार से बताया। इस दौरान वे एक बार भावुक भी हुए। “द एक्सपर्ट शॉट्स” विषय पर आयोजित मास्टर क्लास में विश्वविद्यालय के कुलगुरु विजय मनोहर तिवारी, प्रमुख सचिव पर्यटन शिवशेखर शुक्ला विशेष रुप से उपस्थित थे। संचालन निदेशक प्रोडक्शन डॉ. आशीष जोशी द्वारा किया गया।

एमसीयू एवं मध्यप्रदेश टूरिज्म के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित मास्टर क्लास “द एक्सपर्ट शो” में प्रसिद्ध वॉयस ओवर आर्टिस्ट विजय विक्रम सिंह ने पंकज त्रिपाठी से कई रोचक सवाल किए। दोनों दिग्गजों ने अपने अनुभव साझा किए साथ ही विद्यार्थियों को मोटिवेट भी किया। पंकज त्रिपाठी ने पत्रकारिता के विद्यार्थियों से कहा कि जब वे इस क्षेत्र में कदम रखें तो टैलेंटेड लोगों पर जरूर लिखें और उनकी कहानियों को सामने लाएं। उन्होंने कहा कि टैलेंट को पहचानें और उसे उजागर करें। पत्रकारिता के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि एक संवेदनशील पत्रकार समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकता है। टॉक शो के दौरान पंकज त्रिपाठी भावुक भी नजर आए। उन्होंने एक पुरानी पत्रिका का जिक्र करते हुए कहा कि अब वह दुनिया में नहीं है, लेकिन उसने समाज पर गहरा प्रभाव छोड़ा।  उन्होंने कहा कि मेरी यात्रा आपको प्रेरित कर सकती है, लेकिन मेरी गाड़ियां नहीं।” इसके साथ ही उन्होंने अभिनय के आध्यात्मिक पहलू को समझाने की कोशिश करते हुए कहा कि अगर कोई अपने माध्यम को सही से समझे तो एक्टिंग भी एक आध्यात्मिक अनुभव बन सकती है। श्री त्रिपाठी ने योग और किताबों की महत्ता पर जोर दिया और योग के महत्व पर भी चर्चा की और कहा कि योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करना बेहद जरूरी है। उन्होंने पत्रकारिता के विद्यार्थियों को किताबें पढ़ने को कहा। मध्यप्रदेश के प्रति अपने प्रेम को व्यक्त करते हुए श्री त्रिपाठी ने कहा कि यहां के लोग बेहद अच्छे हैं और यहां का माहौल भी बहुत सकारात्मक है। मास्टर क्लास में श्री त्रिपाठी से विद्यार्थियों ने कई सवाल पूछे, जिनका उन्होंने बखूबी जवाब दिया। मास्टर क्लास में विश्वविद्यालय के शिक्षक एवं विद्यार्थी बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

“द एक्सपर्ट शॉट्स” विषय पर आयोजित मास्टर क्लास कार्यक्रम का दीप प्रज्‍जवलित कर शुभारंभ करते हुए प्रसिद्ध फिल्म अभिनेता पंकज त्रिपाठी एवं विश्वविद्यालय के कुलगुरु विजय मनोहर तिवारी।

“द एक्सपर्ट शॉट्स” विषय पर आयोजित मास्टर क्लास कार्यक्रम में फिल्म अभिनेता पंकज त्रिपाठी का सम्‍मान करते हुए विश्वविद्यालय के कुलगुरु विजय मनोहर तिवारी।

“द एक्सपर्ट शॉट्स” विषय पर आयोजित मास्टर क्लास कार्यक्रम में अपना संबोधन देते हुए विश्वविद्यालय के कुलगुरु विजय मनोहर तिवारी।

“द एक्सपर्ट शॉट्स” विषय पर आयोजित मास्टर क्लास कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलगुरु विजय मनोहर तिवारी का सम्‍मान करते हुए प्रमुख सचिव पर्यटन शिवशेखर शुक्ला।

“द एक्सपर्ट शॉट्स” विषय पर आयोजित मास्टर क्लास कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलगुरु विजय मनोहर तिवारी का सम्‍मान करते हुए प्रमुख सचिव पर्यटन शिवशेखर शुक्ला।